स्वार (रामपुर)। रामपुर मार्ग पर सोमवार तड़के तीन बजे रेत से लदे डंपर और मजदूरों से भरी पिकअप में घने कोहरे के बीच टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहन पानी से भरे नाले में पलट गए। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित 36 से अधिक मजदूर घायल हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गए। घायलों को स्वार सीएचसी पहुंचाने में मदद की। गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
ग्राम जरीफपुर गढ़िया तहसील सहसवान जिला बदायूं निवासी मजदूर मसवासी स्थित कोसी के घाटों पर खनन की रेत को छानने का काम करते हैं। मजदूर सोमवार तड़के पिकअप से कोसी नदी के घाट पर जा रहे थे। इसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल थे। पिकअप जैसे ही स्वार से दो किलोमीटर पहले अपनी रसोई के पास पहुंची। तभी स्वार की ओर से आ रहे रेत से लदे डंपर और पिकअप घने कोहरे के बीच आमने-सामने आ गए। चालकों ने दोनों वाहनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों वाहनों की साइड टकरा गई। इस कारण पिकअप पानी से भरे नाले में जाकर पलट गई और डंपर भी पलट गया। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इसके बाद निकटवर्ती गांव धनौरा के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर कोतवाल हरेंद्र सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पिकअप में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से स्वार सीएचसी भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।