रामपुर। मौसम के बदलते ही संक्रामक रोगों और बुखार ने लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। बुधवार को सरकारी अस्पतालों में करीब साढ़े तीन सौ से अधिक बुखार के मरीज पहुंचे। वहीं निजी और अपंजीकृत चिकित्सकों के पास पहुंचने वाले बुखार के मरीजों की संख्या करीब एक हजार से अधिक रही।
स्वास्थ्य विभाग इन दिनों घर-घर सर्वे कर बुखार के मरीज तलाश रहा है। टीम को घर-घर सर्वे में भले ही मलेरिया और डेंगू के मरीज न मिल रहे हों लेकिन, जिले में तमाम लोग बुखार से तप रहे हैं। बुधवार को ही जिले में सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में करीब साढ़े तीन सौ से अधिक बुखार के मरीज पहुंचे। वहीं, निजी और अपंजीकृत चिकित्सकों के यहां पहुंचने वाले बुखार के मरीजों का आंकड़ा करीब एक हजार से अधिक रहा। इसके साथ ही इन दिनों डायरिया के रोगी भी तेजी से बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में एक-एक बेड पर दो-दो मरीज भर्ती हैं।
टांडा, सैदनगर, दढ़ियाल क्षेत्र के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 62 मरीज बुखार के पहुंचे। टांडा तहसील क्षेत्र में अपंजीकृत चिकित्सकों के पास करीब 100 बुखार के मरीज पहुंचे।
मिलक क्षेत्र के मिलक, रजपुरा, धमोरा, परम, भंवरका, बराखास और चमरौआ स्वास्थ्य केंद्र पर 45 बुखार के मरीज पहुंचे। वहीं मिलक तहसील क्षेत्र में निजी व अपंजीकृत चिकित्सकों के पास करीब 120 बुखार के मरीज पहुंचे।
बिलासपुर क्षेत्र के बिलासपुर, बेगमाबाद, नवाबगंज, केमरी, मानपुर ओझा स्वास्थ्य केंद्र पर बुखार के 86 मरीज पहुंचे। निजी व अपंजीकृत चिकित्सकों के यहां करीब 200 से अधिक बुखार के मरीज पहुंचे।
शाहबाद क्षेत्र के शाहबाद, रम्पुरा, ढकिया, पटवाई और सैफनी स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को बुखार के करीब 110 मरीज पहुंचे। इसके साथ ही निजी व अपंजीकृत चिकित्सकों के पास करीब 130 मरीज बुखार के पहुंचे।
स्वार और मिलक खानम स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को बुखार के 65 मरीज पहुंचे। इसके साथ ही निजी व अपंजीकृत चिकित्सकों के पास करीब 135 बुखार के मरीज पहुंचे।
रामपुर के जिला अस्पताल में बुधवार को बुखार के 15 मरीज पहुंचे। इसके साथ ही निजी चिकित्सकों के यहां बुखार के करीब साढ़े तीन सौ से चार सौ मरीज पहुंचे।