रामपुर में पुलिस लाइन में परेड कमांडर भीष्म सिंह को सम्मानित करते डीआईजी।
आवाम की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग को 293 जवान और मिल गए। बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित पासिंग आउट परेड में जवानो में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। इस मौके पर डीआईजी ने जवानों को ईमानदारी से कर्त्तव्य का निर्वाहन करने का पाठ पढ़ाया। कहा कि ईमानदारी से कर्त्तव्यों का निर्वाहन करते हुए पुलिस और अपने परिवार की प्रतिष्ठा को बनाए रखें।
रामपुर पुलिस लाइन में बुधवार को 40 डिग्री से ज्यादा के तापमान होने के बाद भी जवानों में जबर्दस्त उत्साह था। चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। दिन रात की मेहनत के बाद अब उन्हें विभाग की सेवा करने का मौका मिलने वाला था। जबर्दस्त उत्साह के बीच बुधवार को 293 प्रशिक्षु सिपाहियों की पासिंग आउट कराई गई। इस दौरान डीआईजी ओमकार सिंह ने जवानों की परेड की सलामी ली। साथ ही परेड का निरीक्षण भी किया।
पासिंग आउट परेड में सिपाही कदम से कदम मिलाते हुए चल रहे थे। इस दौरान उनमें जबर्दस्त उत्साह भी देखा गया। इस मौके पर डीआईजी ने जवानों का हौंसला बढ़ाया। कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जो उन्होंने सीखा है उसका डयूटी के दौरान इस्तेमाल करें। जवान जनता के बीच जाकर पुलिस की छवि को और ज्यादा सुधारें। उ्न्होंने कहा कि ईमानदारी से अपने कर्त्तव्यों का निर्वाहन करें। पुलिस की प्रतिष्ठा को बनाएं रखें।
साथ ही समाज की नि:स्वार्थ भाव से सेवा करने का आह्वान किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी ने कहा कि जवान अपने कर्त्तव्यों का ईमानदारी से निर्वाहन करें।
किसी भी प्रकार पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा पर बट्टा नहीं लगने दें। अपराधियों पर शिकंजा कसे। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक तारिक मोहम्मद, सीओ सिटी आले हसन, सीओ केमरी सुरेश कुमार, सीओ लाइन राधेश्याम आदि मौजूद रहे।