रामपुर। बाल स्वास्थ्य पोषण माह के तहत जिले में 2.13 लाख बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। इसकी शुरुआत सोमवार से हो चुकी है। इसमें नौ माह से पांच साल तक के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे विटामिन ए की खुराक पीएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है।
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 में विटामिन ए का महत्व बढ़ जाता है। इससे जहां एक ओर इम्युनिटी बढ़ेगी ,वहीं कोविड में बच्चों की सुरक्षा होगी। सत्र पर एक समय दस से अधिक बच्चे एकत्र न हों, चम्मच से ऊपर से ही मुंह में खुराक दी जाए। खुराक पिलाने के बाद उसे एमसीपी कार्ड पर दर्ज भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नौ माह से 12 माह तक के बच्चों को आधा चम्मच यानी एक एमएल ,एक से पांच साल के बच्चों को दो एमएल दबा दी जाएगी। इसमें आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम अपने-अपने क्षेत्र में बच्चों को दवा पिलाने का काम करेंगी।