बीएसए पर बिजली विभाग के साढ़े नौ लाख बकाया, लाइन काटी
रामपुर। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय पर बिजली विभाग के साढ़े नौ लाख रुपये बकाया हैं। इसको लेकर बिजली विभाग ने दफ्तर की बिजली काट दी। वहीं, लाइन कटने की वजह से विभाग का कामकाज प्रभावित हो गया है। बीएसए लगातार लाइन जुड़वाने की कवायद में लगे हैं।
जिले में बिजली विभाग के बकाएदारों की लंबी फेहरिश्त है। बकाएदारों की इस लिस्ट में सिर्फ आम उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि सरकारी विभाग भी शामिल हैं। सिर्फ जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय की ही बात की जाए तो बिजली विभाग के करीब साढ़े नौ लाख रुपये बकाया हैं। इसको लेकर बिजली अफसर लगातार विभाग को नोटिस भेज रहे थे, लेकिन इसके बाद भी बकाए का भुगतान नहीं किया गया। इसके चलते सोमवार को विभाग की ओर से बीएसए दफ्तर की लाइन काट दी गई। इससे पूरे दफ्तर में अंधेरा छा गया। विभाग के कंप्यूटर भी बंद हो गए और कंप्यूटर आधारित कामकाज भी ठप हो गया। शिक्षकों के वेतन संबंधी काम भी रूक गया है। उपखंड अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि लगातार अनुरोध करने के बाद भी बकाए का भुगतान नहीं किया जा रहा था, जिसके चलते लाइन काटी गई है।