संपत्ति कुर्क होते ही गोकशी के धंधेबाज ने किया समर्पण
रामपुर।
संपत्ति कुर्क होते ही गोकशी के काले धंधेबाजों के होश उड़ गए हैं। कुर्की की कार्रवाई के 24 घंटे बाद ही गोकशी के कई मामलों में गायब चल रहे इन धंधेबाजों ने बुधवार को पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में समर्पण कर दिया, जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। उसकी गत दिवस ही संपत्ति को कुर्क किया गया था।
सरकार की सख्ती के बाद प्रशासन ने पिछले दिनों तीन गोमांस कारोबारियों की संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद गत दिवस पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की टीम ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहर कोतवाली क्षेत्र के घेर मर्दान खां में शावेज कुरैशी व उसके भाई जावेद कुरैशी की संपत्ति को कुर्क कर दिया था। कुर्की की कार्रवाई से गोकशी में लगे धंधेबाजों में खलबली मच गई। इसके बाद शहर कोतवाली क्षेत्र के घेर मर्दान खां निवासी शावेज कुरैशी उर्फ बिट्टू ने बुधवार को पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में समर्पण कर दिया। उसने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में समर्पण कर दिया, जहां से कोर्ट ने शावेज को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। शावेज की पुलिस को गैंगस्टर के मामले में लंबे समय से तलाश थी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था।