रामपुर। भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता के कार्यकर्ता तहसील सदर के पास एकत्र हुए। किसानों ने कर्ज माफी, बकाया गन्ना भुगतान, नलकूप कनेक्शन का लक्ष्य बढ़ाने आदि मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
युवा प्रदेश अध्यक्ष उस्मान अली पाशा ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का फायदा किसानों को नहीं मिल रहा है, क्योंकि किसान कर्जदार हैं और किसान के खाते में आने वाले पैसे को बैंक कर्ज में काट लेता है। उन्होंने सभी किसानों के पूर्ण कर्जमाफी की मांग की। जनपद को सामान्य योजना के तहत 1740 नलकूप कनेक्शन का लक्ष्य मिला है जबकि पिछले वर्ष के ही लगभग 5000 कनेक्शन लंबित हैं। बाद में एक प्रतिनिधिमंडल तहसील सदर पहुंचा और अपर जिलाधिकारी राजस्व को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष संजोर अली पाशा, जाहिद अली, शैजी अब्बास अली, हाफिज अहमद जुनैद खान, विनोद कुमार, नन्हे सिंह, सुभाष यादव, राजीव कुमार, तीरथ सिंह आदि मौजूद रहे।