रामपुर। अगले सप्ताह से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। कांवड़ियों की सुरक्षा और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जहां एक ओर पुलिस व प्रशासन ने सड़कों से लेकर मंदिरों तक में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, वहीं मंदिरों तक पहुंचने के लिए जर्जर मार्गों को भी दुरुस्त कराने की कवायद शुरू कर दी है। कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर 150 से अधिक कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा कांवड़ मार्गो पर लटके तारों को भी दुरुस्त कराने का प्लान तैयार किया गया है। सुरक्षा के लिए प्रशासनिक अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांवड़ यात्रा इस बार 11 जुलाई से शुरू होगी। इसका समापन नौ अगस्त को होगा। सावन मा्ह में होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। रामपुर की बात की जाए तो जिले के प्रमुख शिव मंदिरों विशेषकर रठौंडा, भमरौआ एवं पंजाबनगर में श्रद्धालु सावन के सोमवार पर जलाभिषेक करते हैं। इसके अतिरिक्त प्राचीन शिव मंदिर लक्खीबाग थाना क्षेत्र शाहबाद, शिवमंदिर ग्राम चन्देला, थाना क्षेत्र बिलासपुर, बालेश्वर मंदिर, ग्राम बादली, थाना टांडा एवं ग्राम डिलारी स्थित शिव मंदिर, थाना मिलकखानम में भी जलाभिषेक किया जाता है। श्रद्धालु कांवड़ बृजघाट, गढ़मुक्तेश्वर, राजघाट एवं हरिद्वार से लेकर शिव मंदिरों तक पहुंचते हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर जिले भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिरों से लेकर सड़कों तक पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर अफसर व पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।