रामपुर। लोकसभा चुनाव में ड्यूटी को हुए प्रशिक्षण से गायब रहने पर दस कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट होगी। इस बावत मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को भी कार्रवाई के लिए लिख दिया गया है।
लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रामपुर में 23 अप्रैल को मतदान होगा। लिहाजा, मतदान केंद्रों पर कर्मचारियों की तैनाती होगी। इसके लिए कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया था, जिसमें तमाम कर्मचारी प्रशिक्षण हासिल नहीं कर सके थे। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग के उच्च प्राथमिक विद्यालय ललवारा प्रधानाध्यापक मोहम्मद मतीन खां, उच्च प्राथमिक विद्यालय घोसीपुरा शाहबाद के सहायक अध्यापक प्रेमपाल, प्राथमिक विद्यालय मंढौली के साजिद अली, प्रथमा बैंक के प्रबंधक प्रदीप कुमार, राजकीय इंटर कालेज बिलासपुर के सहायक अध्यापक देवेन्द्र सिंह, बाल विकास परियोजना विभाग की शाहबाद की मुख्य सेविका मंजू मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग के चीफ फार्मा सुशील कुमार मिश्रा, डाक विभाग के केमरी के उप डाकपाल शिवशंकर, नगर पालिका के बाबू अब्दुल मन्नान मियां, नलकूप विभाग के नलकूप चालक ओमेन्द्र कुमार शामिल हैं। मुख्य विकास अधिकारी शिवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को प्रशिक्षण से अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची भेज दी गई है। सभी को कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश दे दिए गए हैं।