नगर परिषद रामपुर के वार्ड नंबर आठ डकोलड़ में लोग जल जनित रोगों की चपेट में आ सकते हैं। बीते कई समय से क्षेत्र के लोग बिना फिल्टर किया पानी पी रहे हैं। परियोजना के वाटर स्टोरेज टैंक से फिल्टर बैड के बगैर ग्रामीणों को पानी की सप्लाई दी जा रही है। लोगों ने कई बार आईपीएच विभाग से फिल्टर बैड लगाने की मांग की, जो पूरी नहीं हुई। फिल्टर बैड की सुविधा न होने से लोगों को खड्ड का पानी पिलाया जा रहा है। ऐसे में जल जनित रोग फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्टोरेज टैंक खुला है। इसकी सुरक्षा रामभरोसे चल रही है। ऐसे में टैंक में गंदगी फैलना स्वाभाविक है। बरसात में जल जनित रोग फैल सकते हैं। डकोलड़ के रमेश, अनु गोस्वामी, टेक सिंह, सुरेश कुमार और प्यारे लाल ने बताया कि नई पेयजल परियोजना के स्टोरेज टैंक का डेढ़ महीने पहले मुख्यमंत्री ने गानवीं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जल्दबाजी में उद्घाटन किया। स्टोरेज टैंक सही तरीके से तैयार नहीं होने से लोगों को गंदा पानी पीना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया टैंक में अभी से दरारें दिखनी शुरू हो गई हैं। नए परियोजना वाटर टैंक में ठेकेदार घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर रहा है। लेकिन आईपीएच विभाग इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने विभाग को कई बार इस बारे में शिकायत की, जिस पर कुछ नहीं हुआ। आईपीएच विभाग के एसडीओ किशोर शर्मा ने बताया कि बरसात के कारण पानी में गाद की समस्या आ रही है। वाटर टैंक पूरी तरह से तैयार है। लोग निराधार आरोप लगा रहे हैं।