शनिवार रात पटवाई में हुई भारी बारिश के कारण पीपला मंसूरपुर में तबेले में दबे हुए मवेशी गंभीर अवस्था मे पड़े हुए।
जिले में लगातार हुई बारिश की वजह से जिले भर में करीब एक दर्जन से ज्यादा मकान धाराशयी हो गई, जिसमें अकेले शहर के अहमदनगर पहाड़ी गांव में ही पांच मकान गिर गए। इसके अलावा पटवाई, शाहबाद, स्वार और बिलासपुर में भी मकान गिरे हैं।
जिले में अब तक डेढ़ सौ से ज्यादा मकान गिर चुके हैं। पिछले चौबीस घंटे मे हुई बारिश की वजह से सदर क्षेत्र के अहमदनगर पहाड़ी गांव में पांच कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। मकान गिरने से हालांकि कोई घायल नहीं हुआ है, लेकिन भारी नुकसान हुआ है। नायब तहसीलदार सदर रामवीर सिंह ने बताया कि अहमदनगर पहाड़ी गांव में पांच मकान गिरने की सूचना आई है।
राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। दूसरी ओर पटवाई क्षेत्र के गांव पीपला मंसूरपुर निवासी आलम अली अपने कच्चे मकान में सो रहा था कि मकान की दीवारों में बारिश का काफी पानी घुस जाने के कारण दीवारें गिर गई और उस टीनो के नीचे सो रहे आलम दब गया। उधर दूसरी ओर रेवड़ी खुर्द गांव निवासी अली शेर के मकान में बना तबेला अचानक भरभराकर गिर गया। मिट्टी और खपरैल के नीचे दबे हुए मवेशियों को निकाला गया।
शाहबाद में ढकिया चैाकी क्षेत्र के परौता गांव में रविवार दोपहर तेज बारिश में अचानक सतेंद्र का कच्चा मकान गिर गया। जिसके मलबे में दबकर उसकी पत्नी सीमा घायल हो गई। बिलासपुर व खजुरिया में चार दिन से हो रही बारिश खजुरिया खुर्द निवासी भगवानदास वाल्मीकि का खपरैल भर भराकर गिर गया। इस दौरान परिवार के लोग तो बच गए, मगर एक बछड़ा मलबे में दबकर घायल हो गया।
शनिवार की रात क्षेत्र के ग्राम रायपुर पजाबा निवासी नत्थू लाल का पक्का मकान भरभरा कर गिर गया। तहसील में शिकायत दर्ज कराई है। स्वार में बारिश से नगर के मोहल्ला खास में मजदूर श्रीराम व जहीर अहमद के कच्चे मकान ढह गए। छुट्टी होने के कारण कोई तहसील कर्मी सर्वे करने नही पहुंचा। वही दोनों मजदूरों ने दीवारों पर पानी डाल ली है और पन्नी के नीचे रहने को मजबूर है ।