मथुरापुर गांव में शनिवार को दो पक्षों के विवाद में पुलिस पर पत्थरबाजी और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस ने 12 नामजद व सौ अज्ञात लोगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
पटवाई क्षेत्र के मथुरापुर गांव में बिना अनुमति के डीजे बजाने पर दो पक्षों में पत्थरबाजी और फायरिंग हो गई थी। इस दौरान तीन लोगों को गोली भी लगी थी। वहीं, कई लोग पत्थरबाजी में घायल हो गए थे। शांति व्यवस्था बना रही पुलिस पर भी पत्थरबाजी की गई थी, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे। मामले में पुलिस ने अपनी ओर से दोनों पक्षों के 12 नामजद व सौ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस ने सोमवार प्रकरण में शामिल मदनलाल, बाबू, अजय, नवनीत, अशोक, पुष्पेंद्र, ओमप्रकाश, नरेश, योगेंद्र, सोनू, उपेंद्र, रिंकू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उधर, सुरक्षा के लिहाज से तीसरे दिन सोमवार को भी गांव में पुलिस तैनात रही। वहीं, गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति सामान्य है। पटवाई थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। कुछ लोग घायल अस्पताल में है कुछ लोग की पहचान की जा रही है।