रामपुर। बिलासपुर क्षेत्र में 15 अप्रैल को संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में तमंचे के बल पर ढाई लाख रुपये की लूट के मामले में रामपुर जीआरपी ने 11वें और अंतिम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार रुद्रपुर सिटी से दिल्ली जा रहे रितिक मंडल व उनके साथी से ट्रेन में अज्ञात लोगों ने तमंचा दिखाकर ढाई लाख रुपये व मोबाइल लूट लिए थे। विवेचना में 11 आरोपियों के नाम सामने आए थे। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से आरोपी साहिब सिंह उर्फ बाबा निवासी ग्राम काला टिब्बा (फिरोजपुर, पंजाब) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 4,600 रुपये बरामद हुए।
मामले में कुल नौ आरोपी और एक बाल अपचारी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब तक कुल 1,98,200 रुपये बरामद किए जा चुके हैं। अंतिम आरोपी को जेल भेज दिया गया। ब्यूरो