पटरी मरम्मत के चलते पांच घंटे ब्लॉक रही एक नंबर लाइन
रामपुर। ट्रैक पर मरम्मत कार्य के कारण एक नंबर लाइन पांच घंटे से अधिक समय तक बंद रही। रेलवे ने पूर्ण ब्लॉक लेकर ट्रैक की मरम्मत का काम करवाया। इस दौरान एक नंबर से गुजरने वाली ट्रेनों व मालगाड़ियों को दो नंबर लाइन से गुजारा गया। मरम्मत कार्य में सात सौ मीटर से अधिक लंबाई में ट्रैक की मरम्मत होगी।
बरसात की शुरुआत से ही ट्रैक पर पानी भरने की समस्या होने लगी है। इसके साथ ही पुराने जर्जर ट्रैक बारिश में किसी हादसे का सबब भी बन सकते हैं। इन समस्याओं से बचने के लिए रेलवे के पाथ-वे विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। जिसमें ज्वालानगर क्रासिंग के निकट से लेकर मालगोदाम आउटर के बीच में एक नंबर ट्रैक की मरम्मत की जा रही है जिसमें जर्जर ट्रैक के हिस्सों को बदला जा रहा है तो वहीं आवश्यकतानुसार वेल्डिंग व अन्य मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं। इसके लिए मुरादाबाद से भी मशीनें मंगाई गई हैं। सोमवार को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया जो कि शाम पांच बजे तक चला। इस दौरान एक नंबर लाइन पर रेल यातायात पूरी तरह से बंद रहा। मरम्मत कार्य में 729 मीटर लंबाई में ट्रैक को बदलने व मरम्मत किए जाने का काम किया जाएगा जिससे बारिश के दौरान कोई समस्या न हो। मरम्मत कार्य में पचास से अधिक कर्मी लगाए गए हैं।