रामपुर। जिले भर के परिषदीय स्कूलों में अब छात्र-छात्राओं को नए बर्तनों में एमडीएम परोसा जाएगा। छात्र संख्या के आधार पर परिषदीय विद्यालयों में नए बर्तनों की खरीद होगी। परिषदीय विद्यालयों में आदर्श रसोई बनाई जाएगी। रसोई मद में बदलाव किया गया है। अब बच्चों की संख्या के आधार पर विद्यालयों को बजट जारी किया जाएगा।
शासन परिषदीय स्कूलों में हर सुविधा जुटा रहा है। बच्चों को निशुल्क यूनिफार्म, जूते-मोजे, बैग और स्वेटर के लिए डीवीटी के माध्यम से अभिभावकों के खाते में धनराशि भेजी गई है। वहीं, बच्चों को पोषण युक्त पका पकाया भोजन भी परोसा जा रहा है। अब बच्चों को नए बर्तनों में भोजन परोसने की तैयारी की जा रही है। पहले प्रत्येक परिषदीय स्कूल को रसोई का सामान और बर्तन खरीदने के लिए प्रत्येक विद्यालय को एक मुश्त धनराशि दी जाती थी लेकिन, इस बार प्रत्येक विद्यालय को छात्र संख्या के हिसाब से धनराशि मिलेगी।
स्कूलों में बर्तन खरीद के लिए मानक बदल गए हैं। जिले में खाना पकाने और बच्चों को भोजन परोसने वाले बर्तनों की खरीद के लिए बजट का आवंटन शासन से कर दिया गया है। इस धन से मध्याह्न भोजन के लिए बर्तन व अन्य सुविधाएं जुटाई जाएंगी। नई व्यवस्था के अनुसार 50 छात्र संख्या तक वाले विद्यालयों को 10 हजार रुपये, 150 छात्र संख्या तक 15 हजार रुपये, 250 छात्र संख्या तक 20 हजार रुपये और 250 से अधिक संख्या होने पर 25 हजार रुपये विद्यालय को दिए जाएंगे।