फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: महारैली तय करेगी रालोद का सियासी भविष्य

Mon, 23 Dec 2013 11:56 AM IST
अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में रालोद की संकल्प महारैली सोमवार को परतापुर बाईपास पर होगी। यह मुजफ्फरनगर दंगे और जाट आरक्षण के मुद्दे के बाद बदले परिदृश्य में पार्टी का सियासी भविष्य तय करेगी।
विज्ञापन


रैली पर जहां सभी विपक्षी दलों की नजर लगी है, वहीं यह एक लाख से ज्यादा भीड़ जुटाने का दावा करने वाले स्थानीय रालोद नेताओं की अग्नि परीक्षा भी होगी।

मुजफ्फरनगर दंगे में जाट-मुस्लिम गठबंधन के छिटकने से रालोद को सबसे बड़ा सियासी नुकसान माना जा रहा है। परंपरागत जाट मतदाताओं को समेटने और डैमेज कंट्रोल के लिए पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर अपनी सियासी जमीन को पुख्ता करने के लिए संकल्प महारैली की जा रही है।

पढ़ें, अखिलेश से यूपी की खासियत पूछेंगे उमर

रैली से पहले जाट आरक्षण पर केंद्रीय कैबिनेट की मुहर से जाटों में ऊर्जा के संचार से रालोद नेताओं की बांछें खिली हैं। जाट आरक्षण के बाद रालोद नेताओं को उम्मीद है कि उनका परंपरागत वोट पूरी तरह से फिर उनके साथ आ जाएगा। वहीं चौधरी चरण सिंह के नाम पर रालोद मुस्लिम किसानों को भी अपने साथ बनाए रखना चाहता है।
विज्ञापन


इसके अलावा दूसरी किसान बिरादरी गुर्जर और त्यागियों पर भी रालोद की नजर है। रैली में शिरकत करने वाले हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके पुत्र सांसद दीपेंद्र हुड्डा जहां जाट आरक्षण के लिए चौधरी अजित सिंह और कांग्रेस की सियासी जमीन को खाद-पानी देने का काम करेंगे, वहीं जनता दल युनाइटेड के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी भी यूपीए को ताकतवर बनाने के लिए त्यागियों को एकजुट करेंगे।

गुर्जर समाज को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी बिजनौर सांसद संजय चौहान और खतौली से विधायक करतार सिंह भड़ाना के कंधों पर है। विधायक करतार भड़ाना कैराना लोकसभा सीट के अलावा अन्य कई सीटों से भी टिकट के दावेदार माने जा रहे हैं।

पढ़िए, साल की सबसे बड़ी आठ सियासी नौटंकी

भड़ाना समर्थकों का दावा है कि रैली में 25 हजार लोगों की भीड़ उनकी तरफ से जुटाई जाएगी। इसके अलावा पश्चिमी यूपी में त्यागी समाज बड़ी संख्या में है। इसकी जिम्मेदारी पाटी के पश्चिमी यूपी अध्यक्ष सतबीर सिंह त्यागी को दी गई है।  

भीड़ तय करेगी विपक्षियों की रणनीति:
रालोद की रैली की भीड़ आगामी दिनों में होने वाली अन्य दलों की रैली की भी रूपरेखा तय करेगी। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैलियों में भीड़ उमड़ रही है। उनकी भी रैली मेरठ में होने वाली है। इसके अलावा सपा और बसपा के दिग्गजों की भी रैली होनी है। रालोद की रैली की भीड़ पर इन दलों की भी नजर गड़ी है।

नहीं होगा ज्यादा फायदा:
रालोद की संकल्प रैली के बारे में विपक्षी दलों के नेताओं का कहना है कि चौधरी चरण सिंह के नाम पर भले ही किसानों की भीड़ जुट जाए, लेकिन इससे रालोद को ज्यादा फायदा होने वाला नहीं है।

वेबसाइट पर लाइव होगी रैली:
किसानों की पार्टी मानी जाने वाली रालोद ने भी अपने आपको पूरी तरह से हाईटेक कर लिया है। पार्टी की वेबसाइट www.rashtriyalokdal.com पर संकल्प रैली का सीधा प्रसारण किया जाएगा। रैली में शामिल नहीं होने वाले रैली का लाइव टेलीकास्ट वेबसाइट पर देख सकते हैं।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें