कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका वाड्रा मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के अमेठी पहुंचेंगे।
इस दौरे में भाई-बहन न सिर्फ अध्यक्ष पद के लिए नेताओं का इंटरव्यू लेंगे बल्कि पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने के टिप्स भी देंगे।
दौरे के अंतिम दिन राहुल व प्रियंका त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ सेंटर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
अमेठी सांसद व कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का तीन दिवसीय दौरा मंगलवार से शुरू होगा। इस बार दौरे में राहुल के साथ प्रियंका वाड्रा भी मौजूद रहेंगी।
सूत्रों के अनुसार राहुल व प्रियंका मंगलवार सुबह करीब साढे़ नौ बजे फुरसतगंज स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय उड़ान अकादमी में हेलीकाप्टर से उतरने के बाद करीब साढ़े दस बजे मुंशीगंज के संजय गांधी अतिथि गृह पहुंचेंगे।
वहां कुछ देर आराम करने के बाद अमेठी में पार्टी संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुटेंगे। इस दौरान दोनों विभिन्न ब्लॉकों व नगरों में अध्यक्ष पद के लिए पंजीयन कराने के बाद कमेटी की ओर से फाइनल किए गए कांग्रेसियों का साक्षात्कार लेंगे।
भाई-बहन का कार्यक्रम जिले व ब्लॉक स्तर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ ही कार्यकर्ताओं से भी मिलने का है। राहुल व प्रियंका 25 जुलाई को भादर के त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर उसी दिन दिल्ली लौट जाएंगे।
बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ के कार्यक्रम में राहुल और प्रियंका के साथ केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे भी शिरकत कर सकते हैं। हालांकि प्रशासन ने गृहमंत्री के दौरे से अनभिज्ञता जताई है।