डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में डलमऊ पंप कैनाल प्रथम में नहाने के दौरान एक युवक डूब गया। खोजबीन के बाद पुलिस ने किसी तरह युवक को बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वह साथियों के साथ डलमऊ के किला घाट घूमने आया था। युवक की मौत की जानकारी होने पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लॉकडाउन में लालगंज कस्बे से लगभग आधा दर्जन युवक अपनी-अपनी मोटरसाइकिल से डलमऊ कस्बा स्थित किला घाट घूमने आए थे। लालगंज कस्बा निवासी आशिक अली का 19 वर्षीय पुत्र नौशाद घूमने के बाद साथियों के साथ कैनाल पंप प्रथम गंग नहर में नहाने लगा। कैनाल पंप के पाइपों से ऊंचाई से गिर रहे पानी के दबाव में नौशाद नहर में डूब गया।
साथियों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे कस्बा वासियों ने नौशाद को खोज कर पानी से बाहर निकाला। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने नौशाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया।