रायबरेली। दो भाइयों समेत तीन युवकों के शव बृहस्पतिवार भोर गांव पहुंचे तो हर कोई रो पड़ा। परिजन बेसुध हो गए। चीख पुकार सुनकर हर कोई अपने आंसू नहीं रोक पाया।
क्षेत्रीय लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों का घर आना जाना लगा रहा। सभी पीडि़त परिवार को ढाढ़स बंधाते रहे। डलमऊ गंगाघाट पर तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया। रायबरेली शहर के मटिहा गांव निवासी अजय यादव (28) छोटे भाई अभय यादव (22) व गांव के ही आकाश यादव (21) पुत्र रामप्रताप, इब्राहिमपुर गांव निवासी शुभम द्विवेदी (25), शिवम मौर्या (24) के साथ खाटू श्यामजी के दर्शन करने के लिए सोमवार रात घर से निकले थे।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे जयपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 148 पर कार ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई थी। इसमें अजय, अभय व आकाश यादव की मौके पर मौत हो गई। दो लोग घायल हुए थे। भोर कार चार बजे तीनों शव मटिहा गांव लाए गए। पूर्व प्रधान समरजीत के मुताबिक शवों का गंगाघाट पर अंतिम संस्कार किया गया है। वहीं हादसे में घायल शुभम और शिवम को एम्स रायबरेली में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है।