फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर की दीवार ढही, वृद्धा की मौत

Thu, 11 Aug 2016 11:26 PM IST
रायबरेली/ अमर उजाला ब्यूराे
विज्ञापन
रायबरेली में बारिश से ढही दीवार, वृद्धा की माैत पर लगी भीड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिले में बुधवार रात शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में हुई बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। छतोह ब्लॉक क्षेत्र के बारा गांव में सीलन आने कच्ची दीवार ढह गई। इससे वृद्धा की मौत हो गई। बारिश के चलते शहर के कई मोहल्लों के लोगों के घरों में पानी घुस गया।
विज्ञापन


रातभर नागरिक पानी निकासी को लेकर परेशान रहे। सूचना के बावजूद नगर पालिका के अफसरों की ओर से पानी निकासी के इंतजाम नहीं किए गए। इससे नागरिकों में जबरदस्त नाराजगी रही।

छतोह ब्लॉक क्षेत्र के बारा गांव की रहने वाली बिट्टनदेई (70) सुबह भोजन कर रही थी। इसी दौरान कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। जिससे वह मलबे में दब गई। आनन-फानन ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन


बिट्टनदेई की मौत से परिवारीजनों में रोना पिटना मच गया। ग्राम प्रधान बद्री विशाल का कहना है कि बारिश के कारण दीवार में सीलन आ गई थी, जिसके चलते वह ढह गई। उधर, परशदेपुर चौकी इंचार्ज राम अवतार का कहना है कि मामला जानकारी में आया है।

घटना की जांच कराई जाएगी। वहीं शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश के कारण कहारों का अड्डा, बैरहना, किला बाजार, राना नगर, शेखाना आदि मोहल्लों में इस कदर जलभराव हुआ कि नागरिकों के घरों तक पानी पहुंच गया।

इससे नागरिकों की रात की नींद हराम हो गई। पानी निकासी के लिए मशक्कत करनी पड़ी। घरों में पानी घुसने से गृहस्थी का सामान भी भीग गया। एक तरफ लोग जलभराव से जूझते रहे, वहीं पालिका की ओर से पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई।

अली नगर, बड़ा कुआं, अंदरुनकिला में भी बारिश के चलते लोगों के घरों में पानी घुस गया। अनुवारुल हक, जफररुद्दीन, मो. अनीस व एसएम अली ने बताया कि नालों की सफाई नहीं हुई है। इससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। बारिश के कारण घरों में पानी घुस गया।

गृहस्थी का सामान भी भीग गया। पालिका के अफसरों की ओर से नागरिकों की समस्या दूर कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। हल्की बारिश में भी जलभराव हो जाता है। इससे आने जाने में भी दिक्कत होती है।

अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह कच्ची कोठरी भरभराकर ढह गई। इससे दीवार के नीचे दबकर एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकालकर सीएचसी जायस में भर्ती कराया गया।

तहसीलदार ने राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजकर जांच करवाई और हर संभव मदद का भरोसा दिया है। ग्राम पूरे अहलाद मजरे कूरा गांव निवासी राकेश कुमार विश्वकर्मा (45) कच्ची कोठरी में परिवार के साथ जीवन यापन करता है।

रात में हुई बारिश के चलते दीवार में सीलन आ गई।  सुबह कच्ची कोठरी भरभराकर गिर गई। इससे कोठरी के नीचे बैठे राकेश कुमार, बेटी गुड़िया (18), पुत्र नान (10) व सात वर्षीय बेटी तृप्ती मलबे में दब गए।

चीखपुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जायस में भर्ती करवाया गया। तहसीलदार रामपाल तिवारी ने बताया कि घटना की जांच करवाई गई है। पीड़ित परिवारीजनों को हर संभव मदद दिलाई जाएगी।

र्ईओ नगर पालिका पीएन सिंह का कहना है कि मोहल्ले में भी जलभराव की स्थिति होती है, सूचना मिलने पर टीम भेजकर पानी निकलवाया जाता है। नालों की सफाई पहले ही करा दी गई है। यदि कहीं पर जलभराव है तो समस्या से नागरिकों को राहत दिलाई जाएगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें