एमएलसी पद के लिए आज (3 मार्च) को जिले के 18 ब्लॉकों मुख्यालयों पर कड़ी सुरक्षा में मतदान होगा। मतदान कराने के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टिंयां ब्लॉकों में पहुंच गई। सभी ब्लॉकों में एक-एक मतदान केंद्र बनाया गया हैं।
एमएलसी पद के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। 2107 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान केंद्र के बाहर व परिसर में बैरीकेटिंग की व्यवस्था कर ली गई है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। बचत भवन परिसर में सुबह गहमागहमी का माहौल रहा। सभी पोलिंग पार्टियां ब्लॉक मुख्यालयों पर बनाए गए मतदान केंद्रों पर पहुंच गई हैं।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं। वोटरों के अलावा किसी को भी मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। मतदान केंद्रों के बाहर की बैरीकेटिंग कर दी गई है।
यहीं गहन तलाशी व पड़ताल के बाद वोटरों को प्रवेश मिलेगा। जिले में 2107 वोटर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। एमएलसी चुनाव के लिए जिले को छह जोन में बांटा गया है।
सभी तहसीलों को जोन बनाया गया है, जबकि सभी ब्लॉकों को सेक्टर बनाया गया है। एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। ब्लॉक व तहसील के अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
एमएलसी चुनाव में संदिग्ध सात मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग होगी। खीरों, सरेनी, हरचंदपुर, अमावां, राही, दीनशाह गौरा व ऊंचाहार में इसकी व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग सीधे इन मतदान केंद्रों से जुड़ा रहेगा।
यहां की मतदान की स्थिति को वह देख सकेंगे। इसके लिए मतदान केंद्रों पर समुचित व्यवस्था भी कर ली गई है। मतदान केंद्रों पर वेब कैमरे लगाए गए हैं।
मतदान केंद्रों पर वोटरों को मतदान करने के लिए बैगनी रंग का स्केच पेन दिया जाएगा। इसके अलावा किसी और कलम से मतदान करने पर मतपत्र को वैध नहीं माना जाएगा।
वोटर को 1, 2 या 3 लिखकर मतदान करना होगा। वोटरों को गेट पर ही अपना परिचयपत्र दिखाना पडे़गा। यदि परिचयपत्र नहीं होगा तो मतदान करने से वंचित भी किया जा सकता है।
एमएलसी पद के लिए होने वाले मतदान में निशक्त व निरक्षर मतदाताओं को सहायक दिए गए हैं। ये सहायक मतदान करने में संबंधित निशक्त व निरक्षर का सहयोग करेंगे।
मतदान में सभी ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य (पांच साल पहले निर्वाचित), जिला पंचायत सदस्य, सभासद मतदान करेंगे। इसमें तमाम ऐसे वोटर भी हैं जो निरक्षर हैं या फिर निशक्त हैं। इन वोटरों को मतदान में सुविधा दी गई है।
डीएम सूर्यपाल गंगवार ने कहा कि एमएलसी मतदान के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। पोलिंग पार्टिंयां मतदान केंद्रों पर पहुंच गई हैं। सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं। चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्वक कराया जाएगा।