रायबरेली। बाल स्वास्थ्य पोषण माह बुधवार से शुरू हो गया। जिला महिला अस्पताल में सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह व सीएमएस डॉ. रेनू चौधरी ने बच्चों को विटामिन-ए की दवा पिलाकर अभियान को शुरू कराया।
पहले दिन जिले में करीब 44 हजार बच्चों को दवा पिलाई गई। सीएमओ ने जिले के लोगों से अपील की कि वे पांच साल से कम उम्र के बच्चों को विटामिन ए की दवा जरूर पिलाएं। इससे बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
कार्यक्रम में सीएमओ ने कहा कि शत-प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करना है। जिले में 3.31 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें नौ से 12 माह के 19,314 बच्चे, एक से दो साल के 83,222 बच्चे तथा दो से पांच साल के 2.28 लाख बच्चे शामिल हैं।
विटामिन-ए दवा की समुचित मात्रा उपलब्ध है। सभी लक्षित बच्चों को दवा पिलाई जाए। इसके अलावा जिले की सीएचसी, पीएचसी और उपकेंद्रों पर भी बच्चों को विटामिन-ए की दवा पिलाई गई।
दिनभर में करीब 44 हजार बच्चों को दवा पिलाई गई है। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. खालिद रिजवान, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना आदि मौजूद रहे।