पूरे लाल सिंह गांव में मंगलवार को पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण।
नसीराबाद (रायबरेली)। पूरे लाल सिंह मजरे चतुरपुर गांव में सोमवार को दो पक्षों में मारपीट के मामले में पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मंगलवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज किया है।
गांव के गुलाब सिंह ने बताया कि सोमवार को दोपहर लगभग दो बजे बासूपुर गांव के विशाल, कमल, रघुराज, सचिन, गुड्डू, राजेश, अनिल व दो अज्ञात लोग आए और जमीन की रंजिश में गाली गलौज करने लगे। इस दौरान सूचना मिलने पर थाने से एसआई गौरव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गुलाब सिंह का आरोप है कि पुलिस ने उल्टा उन्हें ही पकड़ लिया और इसी दौरान विपक्षियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। गुलाब ने आरोप लगाया कि विपक्षियों को रोकना तो दूर महिला सिपाहियों ने उनके घर की महिलाओं को पीट दिया।
पुलिस की एकतरफा कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे बिरनावां-नसीराबाद मार्ग पर जाम लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिला तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाते हुए दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष बालेंदु गौतम ने बताया कि गुलाब सिंह की तहरीर पर विशाल, कमल उपाध्याय, रघुराज सिंह, सचिन, गुड्डू, अनिल और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ, वहीं दूसरी ओर राजेश शुक्ला की तहरीर पर भी चार लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।