परशदेपुर क्षेत्र में रामबाग तिराहे के पासबुधवार को सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इसी दौरान क्षेत्रीय विधायक आशा किशोर का काफिला नसीराबाद से सलोन की ओर जा रहा था। घटनास्थल पर काफिला रुकने के बाद भी विधायक कार से बाहर नहीं आई।
इस पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए रास्ता जाम कर दिया। काफी देर तक ग्रामीण नहीं हटे तो विधायक को वापस लौटना पड़ा।
उधर विधायक का कहना है कि ग्रामीण रोड पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग कर रहे थे। बनवाने का आश्वासन दिया गया है। इस दौरान नारेबाजी करने वाले भाजपाई थे।
नसीराबाद निवासी जीतेंद्र कुमार गांव के ही शिवानंद तिवारी के साथ बाइक से सलोन की ओर जा रहा था। सामने से पदुमपुर निवासी अमरेश कुमार साइकिल से आ रहा था।
रामबाग तिराहे के पास दोनों में आमने सामने टक्कर हो गई। तीनों को घायल हो गए। अमरेश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया।
हादसे के वक्त नसीराबाद से सलोन की ओर से क्षेत्रीय विधायक का काफिला जा रहा था। भीड़ देखकर काफिला रुका। ग्रामीणों ने रामबाग तिराहे पर ब्रेकर बनवाने की मांग की।
लेकिन विधायक ने न तो कोई जवाब दिया न ही कार से बाहर आईं। इससे ग्रामीण खफा हो गए। मुर्दाबाद के नारे लगाए। काफी देर तक सड़क से ग्रामीण नहीं हटे तो विधायक का काफिला वापस लौट गया।