रायबरेली में शुक्रवार को छतोह के जमालपुर हुरैया गांव में ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्या सु
नसीराबाद (रायबरेली) ग्रामीणों की समस्या का गांव में ही निदान हो, इसके लिए शासन ने हर शुक्रवार को अलग-अलग गांवों में ग्राम चौपाल लगाने का आदेश दिया है। सरकार की मंशा पर ब्लाॅक में तैनात अधिकारी पानी फेर रहे हैं।
शुक्रवार को जमालपुर हुरैया पंचायत भवन में लगने वाली ग्राम चौपाल में बीडीओ धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी को प्रभारी बनाया गया था, लेकिन बिना सूचना के वह नदारद रहे। उनकी अनुपस्थिति में जेई एमआई आलोक विक्रम व ग्राम विकास अधिकारी नागेश कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और निराकरण कराने का आश्वासन दिया।
चौपाल में राजस्व, स्वास्थ्य, बिजली, पशुपालन, कृषि, सिंचाई व पुलिस विभाग से कोई नहीं आया। जिससे चौपाल में लोगों ने निंदा प्रस्ताव पास किया। सुबह11:36 बजे बाल विकास परियोजना की सुपरवाइजर सुमित्रा पहुंचीं।
गांव की मैका ने बताया कि गांव में वोल्टेज की समस्या है। सुखई ने बोरिंग करवाने की मांग की। शीला ने दिव्यांग पेंशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। भानुमती ने शौचालय के लिए आवेदन किया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ। किरन, श्यामकली ने आवास बनवाने की मांग की। सभी शिकायतों का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
ग्रामीण राकेश का कहना है कि चौपाल में सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है। इस मौके पर प्रधान सुभाष चंद्र, पंचायत मित्र राजेश कुमार, आनंद वर्मा मौजूद रहे।