रायबरेली में सोमवार को हरचंदपुर थना क्षेत्र में लखनऊ-इलाहाद राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
हरचंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को टायर फटने से एक कार (इनोवा) अनियंत्रित होकर कई बार पलटने के बाद डिवाइडर से जा टकराई। इससे उस पर सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए।
यह हादसा उस समय हुआ, जब सभी एयरपोर्ट लखनऊ जा रहे थे। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस हादसे की पड़ताल कर रही है। इलाहाबाद के बी ब्लॉक करैली निवासी मो. अख्तर को सोमवार को सऊदी अरब जाना था।
अख्तर को एयरपोर्ट लखनऊ छोड़ने उसका परिवार कार से लखनऊ जा रहा था। लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर हरचंदपुर क्षेत्र के प्यारेपुर गांव स्थित मिंट पार्क के पास कार का पीछे का एक टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित हो गई।
कार तीन बार पलटने के बाद हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई। इससे कार पर सवार राना (35) की मौत हो गई। जबकि उसका पति मो. अख्तर, बेटी इनावा (2), रेहान (25), मो. शहबान (30) घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। थानेदार अरुण शुक्ला का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टायर फटने से कार अनियंत्रित हो गई, जिसके चलते हादसा हो गया।