रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा कराने के लिए 107 केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। बुधवार को देर रात परिषद की वेबसाइट पर जिलावार परीक्षा केंद्रों की सूची को प्रदर्शित किया गया। जिले में अनंतिम तौर पर जारी सूची में 95 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए थे। इस दौरान दर्ज हुई 75 आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में 12 नए विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इससे जिले में बोर्ड परीक्षा के केंद्रों की संख्या 95 से बढ़कर 107 हो गई है।
यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक होगी, जबकि प्रयोगात्मक परीक्षाओं का पहला चरण 24 जनवरी से 1 फरवरी तक होगा। परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के करीब 70 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। यूपी बोर्ड ने परीक्षार्थी आवंटन सहित 95 केंद्रों की अनंतिम सूची जारी करते हुए 4 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी थी। इस पर आई 75 आपत्तियों का निस्तारण कर आख्या 11 दिसंबर को भेजी गई थी। आपत्तियों में ज्यादातर शिकायतें परीक्षा केंद्र दूर भेजने और क्षमता से अधिक परीक्षार्थी आवंटित करने संबंधी रहीं।
यूपी बोर्ड ने अब 107 परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी की है। इसमें अनंतिम सूची के सभी 95 परीक्षा केंद्रों को बरकरार रखते हुए 12 नए विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यह परीक्षा केंद्र ऊंचाहार, अरखा, ऊर्जा विहार, छतौना मरियानी, धूता, सवैया पुरवार, लहुरेपुर, महराजगंज, कुंदनगंज, अटौरा बुजुर्ग, खीरें, लालगंज में बनाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि दूरी अधिक होने और क्षमता से ज्यादा बच्चे आवंटित किए जाने की समस्या दूर करने के लिए ही बोर्ड स्तर से परीक्षा केंद्रों की संख्या को बढ़ाया गया है।