रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा कराने के लिए तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति होने के बाद अब जिला स्तर पर सचल दस्तों का गठन भी कर लिया गया है। पांच परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील केंद्र की श्रेणी में रखा गया है, जिन पर खास नजर रहेगी।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 मार्च से 12 अप्रैल तक दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 8 बजे से 11.15 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 5.15 बजे तक रहेगी।
जिले में 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 332 माध्यमिक विद्यालयों के 65,143 परीक्षार्थी इम्तेहान देंगे। इनमें हाईस्कूल के 35,292, इंटर के 29,851 परीक्षार्थी शामिल हैं।
हर परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जबकि सात जोनल और 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमण करेंगे। डायट प्राचार्य, डीआईओएस, बीएसए, डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता और पश्चिम गांव, सनही व सूची के राजकीय हाईस्कूलों के प्रधानाध्यापकों के नेतृत्व में सचल दस्तों का गठन किया गया है।
24 घंटे होगी लाइव मॅानिटरिंग
परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग जिला स्तर पर होगी, जिसके लिए जीजीआईसी में बनाए गए कंट्रोल रूम 24 घंटे खुला रहेगा। यहां पर तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। शिफ्ट प्रभारी के रूप में डॉ. स्मिता मिश्रा, सुमन सिंह और प्रेम नारायण को जिम्मेदारी मिली है।
परीक्षा केंद्रों में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना है, जिसकी निगरानी कंट्रोल रूम से भी 24 घंटे होती रहेगी। सभी परीक्षा केंद्रों को सादी कॉपियां भेजी जा चुकी हैं। ज्यादातर विद्यालयों को प्रवेश पत्र दिए जा चुके हैं।