ऊंचाहार (रायबरेली)। कस्बे की एक होनहार बेटी ने छत्तीसगढ़ में अपनी मेधा का परिचय दिया है। इस उपलब्धि से पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है। परिवार वाले खुशी से झूम उठे।
ऊंचाहार नगर के खरौआ कुआं वार्ड निवासी खुर्शीद आलम की बेटी नाज वारसी ने छत्तीसगढ़ प्रांत में बीएड की परीक्षा में पहला स्थान प्राप्त किया है।
छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनसुइया उइके ने नाज वारसी को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। उसकी इस उपलब्धि से नगर के लोगों में खुशी का माहौल है।
नाज वारसी ने अपनी कक्षा-आठ तक की शिक्षा मुस्तफाबाद के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय से पूरी की। इसके बाद हाईस्कूल और इंटर की पढ़ाई नगर के कौशिल्या बालिका इंटर कॉलेज से की।
डॉ. अंबेडकर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से बीएससी पूरी की। उसकी शादी छत्तीसगढ़ प्रांत में हो गई, लेकिन उसने पढ़ाई नहीं रोकी और आगे की शिक्षा के लिए बीएड में दाखिला लिया।
नाज वारसी ने बीएड में प्रदेश में पहला स्थान बनाया। छत्तीसगढ़ में हुए समारोह में उसे राज्यपाल ने मेडल देकर सम्मानित किया तो नगर के लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। प्रधानाध्यापक अतीस कुमार, रजनीश सिंह, अश्वनी शुक्ला आदि ने परिवार वालों को बधाई दी।