रायबरेली। जिले में शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों को निकट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दोनों युवकों की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग के पास लोहे का पोल लगा है। इसी पोल में टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। सुरजूपुर गांव निवासी विनीत कुमार (22) अपनी बुआ के यहां जगतपुर गया हुआ था। शुक्रवार देर शाम वह घर जा रहा था।
कंधरपुर के आगे जोतियांमऊ रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क पर बने ब्रेकर में बाइक अनियंत्रित हो गई और रेलवे फाटक के बगल में लगे लोहे के पोल से जा टकराई। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी डलमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था।
वह दिवाली पर घर आया था। कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक की फरवरी में शादी तय थी। घर में तैयारियां चल रही थी। उसकी मौत से हर कोई बेहाल है।
अमावां प्रतिनिधि के मुताबिक मिल एरिया थाना क्षेत्र में रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर बाइक सवार दो युवक मवेशी से टकरा कर घायल हो गए। इसमें एक युवक की मौत हो गई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बहराना निवासी अनुराग (18), अपने साथी गौरव (21) के साथ बाइक से डिघिया की तरफ से वापस आ रहा था। इसी दौरान सड़क पर गाय आ गई, जिससे दोनों टकराकर घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अनुराग को मृत घोषित कर दिया गया। थानाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने बताया मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के अशरफाबाद निवासी सुदामा, दशरथ और चंदापुर निवासी अनिल कुमार कार से वापस लौट रहे थे।
हरदोई चौराहा के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद खाई में जाकर पलट गई। इससे तीनों घायल हो गए। हादसे के बाद कार खस्ताहाल हो गई। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। इसी तरह एक अन्य हादसे में नूरगंज मजरे पहरावा गांव निवासी अमित कुमार बाइक से घर जा रहा था।
नरई गांव के पास कार ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। जगतपुर प्रतिनिधि के मुताबिक लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर कुमेदानगंज गांव के पास बाइक सवार मंजू, धर्मेंद्र, शाखा निवासी टाघन को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां मंजू की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के सबीसपुर गांव के पास अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए पैदल जा रहे अधेड़ को ठोकर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए।
गुरुवार की प्रतापगढ़ जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरवलिया गांव निवासी अंकित कुमार अपनी मां को सबीसपुर गांव में खाना देकर लौट रहा था। तभी कार ने साइकिल में टक्कर मारी दी। कार ने पैदल जा रहे अधेड़ सूरजबली को भी ठोकर मारी। इससे दोनों घायल हो गए।
अंकित की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।