ऊंचाहार (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर अरखा के निकट कंटेनर व ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई। इसमें ट्रक सवार खलासी की मौके पर मौत हो गई, जबकि कंटेनर का चालक केबिन में फंस गया।
पुलिस ने चालक को किसी तरह बाहर निकाला और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
बिहार के औरंगाबाद जिले के दइव थाना क्षेत्र के पाठक बीघा गांव निवासी उपेंद्र कुमार (47) ट्रक चालक है। वह अपने साथी खलासी विकास चौधरी (20) निवासी जोधपुर थाना दइव जिला औरंगाबाद बिहार के साथ हरदोई से चीनी लादकर बंगाल जा रहा था।
रविवार सुबह वह जैसे ही अरखा के पास पहुंचा। तभी सामने से आ रहे कंटेनर से ट्रक टकरा गया। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में घुस गया।
हादसे में खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। वहीं कंटेनर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से चालक कपिल देव निवासी देवराकोट थाना रौनाही जिला अयोध्या केबिन में ही फंस गया। उसके पैर में गंभीर चोटें आईं हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने केबिन काटकर उसे किसी तरह बाहर निकाला। पुलिस ने घायल चालकों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां कपिल देव की हालत गंभीर होने के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने खलासी के शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
उसके परिवारीजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कंटेनर व ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में खलासी की मौत हो गई, जबकि चालक का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।