हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में दो पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में धमकी भरे पत्र भेजकर 90 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई।
रकम न देने पर शिक्षकों को जान से मारने की धमकी दिए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। दोनों स्कूल के प्रधानाध्यापकों ने हरचंदपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय टांडा के प्रधानाध्यापक शालिग्राम ने बताया कि शुक्रवार को विद्यालय का गेट खोलते ही चार लिफाफे मिले, जिनमें धमकी भरा पत्र मिला।
भाई के इलाज के लिए 90 हजार की फिरौती आठ दिसंबर तक दिए जाने की मांग की गई है। रकम न देने पर विद्यालय में तैनात शिक्षकों को जान से मारने की धमकी दी गई।
लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग के किनारे कठवारा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय जा रही तीन छात्राओं को एक अजनबी ने पांच लिफाफे दिए। शिक्षकों ने लिफाफों को खोला तो उसमें भी धमकी दी गई थी।
खंड शिक्षा अधिकारी आरके कश्यप ने बताया कि दो पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में धमकी भरे पत्र मिले हैं, जिनमें शिक्षकों से फिरौती मांगी गई है। थानाध्यक्ष उरेश सिंह ने बताया कि शिक्षकों से फिरौती मांगे जाने की सूचना मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।