रतापुर चौराहे पर हादसे में युवक की मौत के बाद रोते परिवारीजन।
- फोटो : RAIBARAILY
अमावां (रायबरेली)। मिल एरिया थाना क्षेत्र में रतापुर चौराहे पर सड़क पार कर रहे साइकिल सवार को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम में भेज दिया है।
घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया है। ट्रक को थाने ले जा रही पुलिस को देवानंदपुर के पास ग्रामीणों ने घेर लिया और जमकर हंगामा किया। कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद लोग शांत हो सके।
देवानंदपुर गांव का राजेंद्र सोनकर (35) गुरुवार दोपहर साइकिल से शहर की ओर जा रहा था। रतापुर चौराहे पर सड़क पार करते समय पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को हिरासत में लेकर मिल एरिया थाने ले जाने लगी। यह बात जब ग्रामीणों को पता चली तो सभी भड़क उठे।
देवानंदपुर के पास ग्रामीणों ने पुलिस को रोककर जमकर हंगामा किया। मामला बढ़ने पर मिल एरिया पुलिस के अलावा क्षेत्राधिकारी नगर, शहर कोतवाली व यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गई।
काफी समझाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया परिवारीजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।