भदोखर थाना क्षेत्र में भुएमऊ गांव के पास राख से लदा ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित हो पलट गया। जिससे चालक और क्लीनर घायल हो गए। जेसीबी से ट्रक को किनारे कर दिया गया, लेकिन भारी वाहन नहीं निकल पा रहे हैं।
यात्री बसों के न निकल पाने से करीब डेढ़ हजार मुसाफिरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार लिखे जाने तक भारी वाहनों का आवागमन बाधित था।
रायबरेली-परशदेपुर रोड पर भुएमऊ गांव के पहले पीडब्ल्यूडी पुलिया का निर्माण करा रहा है। यहां आवागमन के लिए पुलिया के बगल में ही मिट्टी डालकर कच्चा रास्ता बनाया गया है।
रविवार रात झांसी से राख लेकर परशदेपुर जा रहा ट्रक अनियंत्रित हो कच्चे रास्ते पर पलट गया। इससे आवागमन बाधित हो गया।
हादसे में फतेहपुर के सीरमवई निवासी चालक चालक वक्षराज सिंह और चंदीपुर निवासी ट्रक के क्लीनर रंपत घायल हो गया। आसपास के लोगों ने ट्रक का शीशा तोड़ कर दोनों को बाहर निकाला।
सोमवार सुबह जेसीबी से ट्रक को किनारे कराया गया। इस रोड पर करीब 20 बसों का आवागमन होता है। इनसे प्रतिदिन करीब डेढ़ हजार मुसाफिर आते-जाते हैं।
हादसे के बाद जीप व छोटे चार पहिया वाहन तो निकल रहे हैं, लेकिन बसों और ट्रकों का आवागमन बाधित है। इसके चलते बस चालकों को करीब 15 से 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है।
अमरजीत सिंह, जब्बार खां, अशोक कुमार, सुरखाब आदि ने बताया कि सफर लंबा होने से दिक्कत हो रही है। वहीं अधिक किराया भी चुकाना पड़ रहा है।
थानेदार एसएन सिंह यादव ने बताया कि ट्रक अनियंत्रित हो पलट गया था। जिसे हटा कर रास्ता खाली करा दिया गया। लेकिन भारी वाहनों को दूसरे रास्तों से जाना पड़ रहा है। जल्दी ही ट्रक को हटवाया जाएगा।