फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: सदर कोतवाल झूठ बोल रहे हैं... रेलवे स्टेशन से चोरी नहीं हुआ बच्चा

Mon, 20 Jul 2026 02:02 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। पुलिस कार्यालय स्थित किरण हाल में शनिवार रात अपराध समीक्षा बैठक हुई। एसपी रवि कुमार ने रेलवे स्टेशन से बच्चा चोरी होने पर नाराजगी जताई तो जीआरपी थाना प्रभारी सचिन कुमार के तीखे जवाब से सन्नाटा छा गया। जीआरपी थाना प्रभारी ने आरोप लगाया कि बच्चा रेलवे स्टेशन से नहीं, बल्कि शहर इलाके से चोरी हुआ है। सदर कोतवाली प्रभारी झूठ बोल रहे हैं।
विज्ञापन

इस पर एसपी का माथा टनक गया। उन्होंने सदर कोतवाली प्रभारी पर इस तरह की भाषा का प्रयोग कर आरोप लगाने पर नाराजगी जताई। साथ ही जीआरपी थाना प्रभारी के खिलाफ लिखापढ़ी की चेतावनी दी। दरअसल, 13 मई को नौ माह का बच्चा चोरी हो गया था। मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा था कि बच्चा रेलवे स्टेशन से चोरी हुआ था। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया।
रात नौ बजे से शुरू हुई बैठक में एसपी का पूरा फोकस अपराध नियंत्रण को लेकर रहा। खासकर सावन में शुरू हो रही कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी दिशानिर्देश दिए। एसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा वाले मार्गों को चिह्नित कर लिया जाए। सुरक्षा के सभी इंतजाम कर लिए जाएं। गंगाघाटों पर बैरिकेडिंग करा दी जाए। कांवड़ियों को किसी तरह की असुविधा न होने पाए। शिव मंदिरों की सुरक्षा पर नजर रखने के लिए भी कहा।
विज्ञापन

कहा कि बेटियों और महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। मिशन शक्ति केंद्रों को और प्रभावी बनाया जाए। हिस्ट्रीशीटरों को चिह्नित कर उन पर नजर रखी जाए। थानों पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। आम जनता के साथ ठीक तरीके से व्यवहार किया जाए। जो भी मामले आएं, उनका शत-प्रतिशत निस्तारण करें।
विभिन्न मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। बैठक के दौरान कुल 46 बिंदुओं पर चर्चा हुई। देर रात दो बजे तक बैठक चली। यह पहला मौका था, जब पांच घंटे बैठक चली। एसपी ने साफ लहजे में कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान उस समय सभी हंस पड़े, जब एसपी ने कहा कि बछरावां कोतवाली प्रभारी हर बार टारगेट पर रहते हैं, लेकिन इस बार बच गए। बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, सीओ सदर आशीष निगम, सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार, सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह, मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार के अलावा समस्त थाना प्रभारी व सीओ मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें