रायबरेली। जिले में गरीबों के हक पर डाका डाला जा रहा है। अपात्रों के नाम बनाए गए राशन कार्डों के सहारे हर महीने गरीबों का राशन अमीर खा रहे हैं। बछरावां ब्लॉक के शेषपुर समोधा में कोटेदार, होमगार्ड, पेंशनर सहित अन्य लोगों के राशन डकारने के मामले में गांव के 1100 राशन कार्डों की जांच शुरू हो गई है।
जगतपुर ब्लॉक के मनिहरशर्की के प्रधान तो इसी ब्लॉक के मनोहरगंज प्रधान की देवरानी के नाम भी राशन कार्ड बनाया गया है। अन्य अपात्रों को भी राशन कार्ड जारी किए गए हैं।
जगतपुर ब्लॉक के मनिहरशर्की में 215840815342 राशन कार्ड जारी है। चार यूनिट के इस राशन कार्ड में प्रधान संजय का भी नाम अंकित है।
इसी तरह मनोहरगंज प्रधान सरला देवी की देवरानी कमलादेवी के नाम भी राशन कार्ड संख्या 215820275605 जारी है। डीएम को दिए गए शिकायतीपत्र में कई और अपात्रों के नाम भी राशन कार्ड बनाकर हर महीने राशन देने का आरोप लगाया गया है। जांच करवाकर अपात्रों के नाम राशन कार्ड निरस्त कराने की मांग की है।
उधर, रोहनियां ब्लॉक के रायपुर की प्रधान अनीता कुमारी के नाम से 215840048663 राशन कार्ड जारी है। इसकी जांच भी शुरू की गई है। बछरावां ब्लॉक के शेषपुर समोधा निवासी शिवबरन, शिवराम, बैजनाथ, प्रदीप कुमार, रामकमल, छोटेलाल आदि की शिकायत पर डीएम ने एडीओ को जांच सौपी है।
डीएसओ विमल कुमार शुक्ला ने बताया कि जो भी शिकायतें आई हैं, उनमें जांच शुरू कराई गई है। जल्द ही अपात्रों के राशन कार्ड निरस्त कराकर अपात्रों को जारी कराए जाएंगे।