ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी ऐशपांड में सीपेज की वजह से खेतों में फसल न होने से परेशान किसानों ने बुधवार को हंगामा किया। राख उठाने से मना कर दिया। इस दौरान वहां तैनात कर्मचारी का रजिस्टर छीनने से भगदड़ मच गई। सूचना परियोजना प्रबंधन को दी गई। मौके पर पहुंची सीआईएसएफ ने ग्रामीणों को समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के अरखा गांव के पास एनटीपीसी परियोजना का ऐशपांड है, जहां परियोजना से निकलने वाली राख इकट्ठा होती है। ऐशपांड का पानी सीपेज की वजह से आसपास के लगभग 50 बीघे भूमि में भरा रहता है, जिससे किसान फसल नहीं उगा पाते हैं। बुधवार शाम पूरे किसुनी गांव के लगभग एक दर्जन किसान ऐशपांड पहुंचे और राख लादकर जा रहे ट्रकों को रोक दिया।
वहां मौजूद एनटीपीसी कर्मचारियों का रजिस्टर छीनकर वहां से भगा दिया है। इससे वहां अफरातफरी मच गई। सूचना एनटीपीसी को दी गई। सूचना के बाद परियोजना प्रबंधक ने सीआईएसएफ के जवानों को मौके पर भेजा। सीआईएसएफ ने नाराज किसानों को समझा कर उनकी समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया।
किसान राजकुमार, पवन पांडेय, तेज पांडेय, तुलसी प्रजापति, राजकुमार पाल, संतू प्रजापति ने बताया कि एनटीपीसी के ऐशपांड की वजह से लगभग पचास बीघे जमीन जलमग्न रहती है। फसल न होने से हमारा परिवार भुखमरी की कगार पर रहता है। एनटीपीसी प्रबंधन व डीएम से गुहार लगाई मगर समस्या जस की तस है। सीआईएसएफ के एसआई अमरेश शुक्ला ने बताया कि किसानों ने सीपेज की समस्या के कारण राख उठान से रोका था। उनकी समस्या से परियोजना प्रबंधन को अवगत कराया जाएगा।