रायबरेली। सिंचाई खंड दक्षिणी की 113 नहरों की सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई है। पुलिस के साये में शांतिपूर्वक टेंडर प्रक्रिया कराई गई। संबंधित कार्य को लेने वाले ठेकेदारों को समय से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी को सात दिसंबर तक नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय से किसानों को खेतों तक पानी पहुंचाया जा सके।
इन नहरों की सफाई करीब एक करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। सिंचाई खंड दक्षिणी में 133 नहरों की सफाई होनी है। इन नहरों की सफाई होने से करीब एक लाख से ज्यादा किसानों को सिंचाई के संकट से निजात मिलेगी। सिंचाई विभाग ने 113 नहरों की सिल्ट सफाई के लिए 21 दिसंबर को निविदा प्रकाशित की थी।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को निविदा खोली गई। पुलिस प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों की देखरेख में सभी माइनरों की सफाई की टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई गई। अधिशासी अभियंता सिद्धार्थ कुमार, सहायक अभियंता संजय गुप्ता की देखरेख में शांतिपूर्वक कार्रवाई संपन्न कराई गई। सहायक अभियंता ने बताया कि 28 से सात दिसंबर तक नहरों की सफाई का कार्य पूरा कराना है।