राही (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र में गुरुवार को मोबाइल से सेल्फी ले रहा एक किशोर पुल से गंदे नाले में गिर गया। इससे पानी में डूूबकर उसकी मौत हो गई। किशोर को बचाने में उसका साथी भी नाले में कूद गया, लेकिन लोगों ने उसे सकुशल निकाल लिया।
शहर के तिलक नगर निवासी आयुष (14) पुत्र अश्वनी गुरुवार दोपहर भदोखर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास घूमने गया था। साथ में उसका दोस्त था। बताते हैं कि आयुष जगदीशपुर गांव स्थित गंदे नाले पर बने पुल पर चढ़कर मोबाइल से सेल्फी ले रहा था।
इसी दौरान वह पुल से नाले में गिर गया। यह देख उसका दोस्त भी नाले में कूदकर उसे बचाने लगा। दो बच्चों को नाले में डूबते देख आसपास के लोग भी जमा हो गए।
काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक आयुष की नाले में डूबकर मौत हो चुकी थी, जबकि उसके दोस्त को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। थानेदार यशकांत सिंह ने बताया कि पुुल से नाले में गिरकर किशोर की मौत हुई है। घटना की जांच कराई जा रही है।