रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा विभाग को 40 नए शिक्षक मिल गए हैं। इन्हें 12 अगस्त को लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरण के साथ पदस्थापित किया जाएगा। नियुक्ति पत्र वितरण और पदस्थापन के साथ ही नवनियुक्त शिक्षक तैनाती वाले विद्यालयों में ज्वाइन करेंगे। इससे जिले के राजकीय कालेजों में चल रही शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर हो सकेगी।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के लिए 2846 प्रवक्ता और सहायक अध्यापक चयनित हुए हैं। इनके पदस्थापन और नियुक्ति पत्र वितरण के लिए 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे लोक भवन सभागार लखनऊ में समारोह होगा।
इसमें बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भाग लेंगे। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी भी उपस्थित रहेंगी। इस समारोह में रायबरेली जिले में आवंटित किए गए 40 नवचयनित शिक्षकों को भी नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।
समारोह में लखनऊ मंडल के सभी जिलों के साथ ही आसपास के कई जिलों के नवचयनित शिक्षक बुलाए गए हैं, जबकि अन्य जिलों में आनलाइन माध्यम से नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा।
इस जिले में आवंटित किए गए सभी 40 नवचयनित शिक्षक एलटी ग्रेड के हैं, जिन्हें लखनऊ में होने वाले समारोह में नियुक्ति पत्र मिलने के बाद इस जिले में संचालित राजकीय कालेजों में पदस्थापित किया जाएगा।
बता दें कि कुछ महीने पहले भी नवचयनित शिक्षकों की नियुक्तियां हुईं थीं। उस समय इस जिले को 55 शिक्षक मिले थे। नए शिक्षकों की नियुक्तियों से राजकीय कालेजों में शिक्षकों की कमी दूर होगी।
लखनऊ में 12 अगस्त को होने वाले समारोह में भाग लेने के लिए सभी 40 नवचयनित शिक्षक बस से जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा का कहना है कि 40 शिक्षक इस जिले में आवंटित किए गए हैं, जिन्हें लखनऊ में मुख्यमंत्री के हाथों 12 अगस्त को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।