रायबरेली। अमावा ब्लॉक के सिधौना स्थित एक स्कूल में भाजपा के महिला सम्मेलन का आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के एमएसएमई मंत्री व रायबरेली के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि लक्ष्मी पूजा पर पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की टिप्पणी अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य चर्चा में बने रहने के लिए अक्सर विवादित बयान देते हैं।
महिला सम्मेलन में राकेश सचान ने मिशन जल शक्ति योजना के तहत हर घर जल, हर घर नल, दिव्यांग पेंशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर जानकारी दी। उन्होंने स्वदेशी अपनाने पर भी बल दिया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक पुष्पेंद्र सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी, पूर्व जिला अध्यक्ष आरबी सिंह, महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुधा अवस्थी, किरण सिंह, अपना दल के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र पटेल समेत तमाम पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पटेल जयंती पर होगी जिला स्तरीय पदयात्रा
रायबरेली। लौह पुरुष सरदार पटेल की 150 वीं जयंती के संबंध में एक भारत आत्मनिर्भर भारत की जिला योजना बैठक भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में हुई। मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कार्यक्रम की शुरूआत दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण से की।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि सरदार पटेल की जयंती पर जिला स्तरीय पदयात्रा रन फॉर यूनिटी 8 से 10 किलोमीटर लंबी होगी। वहीं 31 अक्टूबर से 25 नवंबर 2025 तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। विभिन्न स्कूलों में वाद-विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर प्रतियोगिता, गर्व से स्वदेशी समेत कई कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा।
जिला प्रभारी पीयूष मिश्रा ने बताया कि युवा और खेल मंत्रालय के माध्यम से विकसित भारत यात्राएं हो रही हैं। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी, सलोन विधायक अशोक कुमार, अवध क्षेत्र के युवा मोर्चा के क्षेत्र उपाध्यक्ष अनुराग मिश्रा व शिवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।