लालगंज। कुंभड़ौरा गांव के पास खेत में मिले युवक के शव के मामले में दूसरे दिन नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजन ने दो लाेगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी आशू शुक्ल का शव शुक्रवार सुबह गांव के ही धनराज सिंह के खेत के पास औंधे मुंह मिला था। उसके पैर पर गंभीर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को रिपोर्ट आने पर मौत का कारण करंट लगना बताया गया।
मृतक के पिता माता प्रसाद शुक्ल ने गांव के ही रामजानकी उर्फ टिहुरा पासी, छेदी पासी और अन्य अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उसके बेटे को मारकर सबूत मिटाने के लिए शव खेत में छिपा दिया। बेटे का मोबाइल फोन भी गायब कर दिया। रिपोर्ट दर्ज न होने पर परिजन ने शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था।
शनिवार दोपहर बाद जब पुलिस ने मामला दर्ज किया तो परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।