बछरावां (रायबरेली)। क्षेत्र के उप डाकघर हरदोई में तैनात उप डाकपाल जितेंद्र कुमार तिवारी खाताधारकों के 50 लाख रुपये डकार गया। जांच के बाद आरोपी उप डाकपाल को निलंबित कर दिया गया है, वहीं बछरावां कोतवाली में शनिवार देर शाम गबन की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच करके पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने कुल कितने खाताधारकों की राशि हजम की है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
डाक अधीक्षक अनूप अग्रवाल के मुताबिक, बाराबंकी जिले के बड़ेल रोड नई मस्जिद निवासी जितेंद्र कुमार तिवारी बछरावां क्षेत्र के हरदोई उप डाकघर में उप डाकपाल के पद पर तैनात था। उप डाकघर के तहत पांच शाखा डाकघर भी आते हैं। उप डाकघर के जरिये ही शाखा डाकघरों के खाताधारकों को लेनदेन के लिए रुपया भेजा जाता है।
उप डाकपाल के खिलाफ रुपयों के गबन की शिकायत मिलने पर जांच कराई गई थी। जांच में पाया गया कि उप डाकपाल जितेंद्र ने शाखा डाकघरों रुपया नहीं भेजा। कुल 50 लाख 16 हजार रुपये का गबन कर लिया। जांच के बाद जितेंद्र को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच कराई जा रही है।
उप डाकपाल के खिलाफ बछरावां कोतवाली में गबन का केस दर्ज करा दिया गया है। बछरावां कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर डाक कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
परदे के पीछे और कितने लोग
शाखा डाकघरों में भेजे जाने वाले रुपये के गबन के मामले में विभागीय अफसरों पर भी सवाल उठ रहे हैं। विभागीय सूत्रों का दावा है कि आरोपी कर्मचारी के अलावा परदे के पीछे कई अन्य ऐसे लोग हैं, जो इस गबन में शामिल रहे हैं। इतनी बड़ी धनराशि एक कर्मचारी कैसे गबन कर सकता है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस हर बिंदु पर पड़ताल कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पता चल पाएगा कि इस गबन में और कितने लोग शामिल थे। हालांकि उप डाकघर हरदोई में लाखों के गबन का मामला चर्चा का विषय बन गया है।