चोरी की बाइक से फर्राटा भरने वाले दरोगा को एसपी ने सस्पेंड कर दिया। उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बुधवार को कोर्ट में दरोगा को पेश किया गया, जहां से उसे एक जून तक के लिए अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस मामले में गुरुवार को भी सुनवाई होगी।
गौरतलब है कि गोरा बाजार निवासी सोनू पाल की बाइक एक साल पहले गायब हो गई थी। उसने बाइक चोेरी की रिपोर्ट मिल एरिया थाने में दर्ज कराई थी। मंगलवार को गोरा बाजार में ही इंदिरा नगर चौकी में तैनात दरोगा श्रवण कुमार मिश्रा चोरी की बाइक से फर्राटा भरते हुए मिली थी।
इस पर सोनू पाल ने यह कहते हुए सबको हैरत में डाल दिया था कि उसकी बाइक से ही दरोगा फर्राटा भर रहा है। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने सदर कोतवाल सुधीरचंद्र पांडेय से इसकी जांच कराई थी। प्रथम दृष्टया मामला सही पाया गया था।
इस पर देर रात मिल एरिया थाने में दरोगा के खिलाफ बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तारी कर ली गई। सदर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को आरोपी दरोगा को सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां उसे फिलहाल राहत मिल गई।
कोर्ट ने आरोपी को एक जून तक के लिए अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। एसपी गौरव सिंह का कहना है कि दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।