सलोन कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात नलकूप की रखवाली करने गए किसान का शव संदिग्ध हालात में बुधवार सुबह पेड़ से लटका मिला। पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या कर पेड़ से लटकाया गया या उसने आत्महत्या की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सच सामने आएगा।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के उमरन गांव निवासी शिवकेश (35) पुत्र शीतला प्रसाद का गांव के बाहर खेत में ट्यूबवेल लगा है। मंगलवार देर शाम शिवकेश खाना खाने के बाद नलकूप की रखवाली करने चला गया। सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए तो शिवकेश का शव पेड़ से लटकता हुआ देखा।
इससे अफरातफरी मच गई। जानकारी घरवालों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवा कर कब्जे में ले लिया और लिखापढ़ी के बाद पीएम के लिए भेजा। घर वालों का कहना है कि युवक फांसी क्यों लगाई। इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
उधर, ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा लगता है शिवकेश को मारकर पेड़ से लटका दिया गया। शिवकेश की मौत से परिवारीजनों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी रानी के अलावा बेटे विकास (12) व अंश (4) का रो-रोकर हाल बेहाल है।
कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या कर पेड़ से लटकाया गया या उसने आत्महत्या की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सच सामने आएगा।