रायबरेली। जिले में रविवार रात आंधी-पानी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। दीवार ढहने से महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। जेल गार्डेन रोड पर पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे रातभर आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने डालें कटवाकर आवागमन चालू कराया। राजघाट के पास खड़े ट्रक पर पेड़ गिर गया। इससे ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस कार्यालय के पास टीनशेड गिर गया। डिग्री कॉलेज चौैराहा के पास पेड़ गिर गया।
बस स्टेशन के पास दुकान का टेंट गिर गया। रायबरेली-डलमऊ राजमार्ग पर कलसहा गांव के पास कई पेड़ सड़क पर गिर गए। इससे चार घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। सूचना पर मुंशीगंज चौकी इंचार्ज लक्ष्मी नारायण द्विवेदी ने पहुंचकर पेड़ की डालें कटवाकर आवागमन को बहाल कराया। सतांव प्रतिनिधि के मुताबिक गुरुबक्शगंज गांव की रहने वाली गीता (26) अपनी माँ राजेश्वरी के साथ कच्चे मकान में रहती थी।
आंधी-पानी के कारण छप्पर के साथ दीवार भरभराकर ढह गई। मलबे में दबकर गीता की दबकर मौत हो गई। एसओ कुंवर बहादुर सिंह ने जांच की। महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक महराजगंज-इन्हौना मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित हो गया। पुलिस ने डाले काटकर आवागमन बहाल कराया। कोटवा मदनिया में आंधी के दौरान गिरी अमियां को बिनने गए रामकेश (12) के ऊपर डाल गिर गई, जिससे वह घायल हो गया।
सीएचसी के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। सलेथू गांव डनिवासी रामबरन (35) और इंदिरा गांव निवासी वसीम खान (35) अलग-अलग बाइकों से कहीं जा रहे थे। आंधी के कारण बाइक पलटने से दोनों घायल हो गए। जगतपुर प्रतिनिधि के मुताबिक पूरे डम्मर गांव में टीनशेड गिरने के कारण रामगुलाम (65) घायल हो गया। सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली की बैरक में पेड़ गिर गया। इससे बैरक क्षतिग्रस्त हो गई।