ऊंचाहार (कोतवाली)। कोतवाली क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में रात्रि गश्त पर तैनात होमगार्ड द्वारा सब्जी विक्रेता की रखी हुई सब्जी चोरी करने के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज करके चोरी गई सब्जी बरामद कर ली है। यह खुलासा क्षेत्र का में चर्चा का विषय रहा।
मामला लखनऊ-प्रयागराज हाईवे स्थित बाबूगंज बाजार का है, जहां पर क्षेत्र के खालिकपुर कलां निवासी संतराम की शिखा मेडिकल स्टोर के सामने सब्जी की दुकान है। मंगलवार रात गश्त पर तैनात होमगार्ड ने एक बोरी आलू व दो किलो लहसुन चोरी कर लिया। सब्जी विक्रेता को घटना की जानकारी तब हुई जब सब्जी विक्रेता दोपहर दुकान लगाने पहुंचा।
दुकानदार ने रखी हुई सब्जियों को देखा तो उसमें से एक बोरी आलू और कुछ लहसुन गायब था। दुकानदार ने इसकी जानकारी शिखा मेडिकल स्टोर संचालक अजय मौर्य को दी तो मौर्य वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो सारी सच्चाई सामने आ गई।
सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि रात्रि 12.30 बजे शिखा मेडिकल स्टोर के पास बेंच पर दो होमगार्ड बैठे हुए थे। सुबह तड़के 3.10 पर एक होमगार्ड एक बोरी आलू व लहसुन ले जाते हुए दिखाई पड़ रहा है।कोतवाल पंकज तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला पंजीकृत कर होमगार्ड से सब्जी बरामद कर ली गई है। करवाई की जा रही है।