रायबरेली। ऊंचाहार क्षेत्र के मिर्जा इनायतुल्लापुर गांव में दो सगी बहनों की मौत व एक बच्ची के गंभीर हालत में भर्ती होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग हरकत में आ गया। एफएसओ अरुण कुमार की टीम ने गांव पहुंचकर बच्चियों के घर से लाई-नमकीन और बिस्कुट का नमूना सील किया।
फिर जमुनापुर स्थित संबंधित दुकान पर पहुंचकर तीनों खाद्य पदार्थों के नमूनों को सील कर लिया। टीम ने लाई-नमकीन और बिस्कुट के छह नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।
बच्चियों की मौत की सूचना मिलते ही एफएसओ अरुण कुमार टीम के साथ मिर्जा इनायतुल्लापुर गांव पहुंचे। जिस लाई-नमकीन और बिस्कुट को खाने से बच्चियों की हालत खराब हुई, उसे अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही तीनों के एक-एक नमूने सील किए।
इसके बाद जमुनापुर स्थित रमेश कुमार की दुकान पर पहुंचकर लाई, नमकीन और बिस्कुट का नमूना सील कर लिया। तीनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
एफएसओ अरुण कुमार ने बताया कि दुकानदार रमेश कुमार ने स्वीकार किया है कि बच्चियों के पिता नवीन ने उसी के यहां से शुक्रवार को लाई, नमकीन और बिस्कुट खरीदा था। उन्होंने बताया कि नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।