रायबरेली। हमीरपुर में तैनात रहे श्लोक कुमार अब जिले के नए पुलिस कप्तान होंगे। शासन ने गुरुवार देर रात एसपी स्वप्निल ममगाई का पुलिस उपायुक्त लखनऊ के पद पर तबादला कर दिया। उन्होंने 23 अगस्त 2019 को रायबरेली जिले का चार्ज संभाला था।
एक साल से ज्यादा समय की उनकी यहां पर तैनाती रही। इस तैनाती अवधि में शुरुआती दौर में पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए, लेकिन उन्होंने बाद में पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया।
इन्हीं के समय में जिले में कई चर्चित हत्याकांड भी हुए। हरचंदपुर थाना क्षेत्र का वंशिका हत्याकांड हो या फिर हरचंदपुर थाना क्षेत्र का आदित्य हत्याकांड, लालगंज क्षेत्र का चचेरे भाई-बहन की हत्या का मामला।
पुलिस की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए, लेकिन बाद में इन वारदातों के खुलासे हुए और आरोपी जेल भी भेजे गए गए। पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वप्निल ममगाई ने ईमानदारी की जिले में अलग छाप छोड़ी।
उनके स्थान पर अब 2014 के आईपीएस और हमीरपुर जिले में पुलिस अधीक्षक पद पर तैैनात श्लोक कुमार को जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। बताया जा रहा है कि नए पुलिस कप्तान मूलरूप से बिहार प्रांत के पटना के रहने वाले हैं। उनके शनिवार को यहां पदभार ग्रहण करने की बात कही जा रही है।
श्लोक कुमार, नवागत पुलिस अधीक्षक।- फोटो : RAIBARAILY