रायबरेली में खीरों थाना क्षेत्र के गांव पाहो में शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव एक चिलवल के पेड़ से गमछे के सहारे लटकता मिला। खंडहर में तब्दील हो चुके राजा नरेंद्र सिंह की कोठी के कमरे के अंदर स्थित उक्त पेड़ में शव लटका देखकर लोगो में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने शव की पहचान गांव के ही शिवबरन कोरी (32) पुत्र राम रतन के रूप में की। ग्रामीणों ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार शाम मृतक अपनी ससुराल से वापस आया था, जिसके बाद पिता व अन्य परिजनों से विवाद हुआ था। देर रात मृतक ने घर से निकल कर राजा कोठी में चिलवल के पेड़ में गमछे के सहारे लटक कर आत्म हत्या कर ली।
मृतक की पत्नी चिल्ला चिल्लाकर ससुर व अन्य परिजनों पर प्रताड़ित करने व आत्म हत्या करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगा रही थी। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की सूचना मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।